पंचायत रत्न 2026 अवार्डी मनु यादव, ग्राम प्रधान फौलादपुर ।
01 Oct, 2026 |
0 views
अमरोहा की ग्राम प्रधान मनु यादव का पंचायत रत्न 2026 के लिए चयन
अमरोहा जिले के लिए एक बार फिर गौरव का क्षण है। फौलादपुर की ग्राम प्रधान मनु यादव का चयन पंचायत रत्न 2026 सम्मान के लिए किया गया है। देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित केवल 51 पंचायत प्रतिनिधियों में मनु यादव का नाम शामिल है। इन प्रतिनिधियों में ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों के पंचायत प्रतिनिधि शामिल हैं। उत्तर प्रदेश से मनु यादव का चयन हुआ है।
गांधी जयंती के उपलक्ष्य में 2 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत बीना पारा, आजमगढ़ में आयोजित सम्मान समारोह में ग्रामीण सत्ता पंचायती राज संगठन द्वारा मनु यादव को “पंचायत रत्न 2026” सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान उनके द्वारा ग्राम पंचायत में किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, सतत विकास और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने वाले नवाचारों को देखते हुए दिया जा रहा है। मनु यादव ने पारंपरिक बैल चक्की को पुनर्जीवित कर उसे गांव की अर्थव्यवस्था, स्थानीय रोजगार और टिकाऊ जीवनशैली से जोड़ने की पहल की है। इसके साथ ही उन्होंने सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप ग्राम पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है तथा ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को स्थानीय रोजगार और आजीविका के अवसरों से जोड़ने की दिशा में कार्य किया है।
उनके प्रमुख प्रयासों में बैल चक्की का पुनर्जीवन, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त गांव की पहल, महिलाओं को रोजगार से जोड़ना, ग्रामीण संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा सतत विकास शामिल हैं। इन पहलों के माध्यम से गांव में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वावलंबन और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है।
मनु यादव इस समारोह में सम्मानित होने के साथ-साथ कार्यक्रम की Host के रूप में मंच का संचालन भी करेंगी। राष्ट्रीय स्तर के इस समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
मनु यादव ने इस उपलब्धि पर कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि फौलादपुर की जनता, अमरोहा जिले, जिला प्रशासन और उन सभी लोगों के विश्वास एवं सहयोग का सम्मान है, जिन्होंने उनके प्रयासों को निरंतर समर्थन दिया है। उन्होंने इस सम्मान को अपनी ग्राम पंचायत और अमरोहा जिले की जनता को समर्पित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगी।
मनु यादव
ग्राम प्रधान, फौलादपुर
विकासखंड धनौरा, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश
प्रदेश अध्यक्ष, ग्रामीण सत्ता पंचायती राज संगठन, उत्तर प्रदेश